
उरई। कलेक्ट्रेट में एक विकलांग पेड़ पर चढ़ कर फाँसी पर लटकने की धमकी देने लगा जिससे हड़कंप मच गया । किसी तरह से उसे पेड़ से नीचे उतारा गया । प्रारभिक ख़बरों के अनुसार उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है और वह नशा भी करता है ।
कलेक्ट्रेट में आ कर अपनी माँग मनवाने के लिए लोग प्रदर्शन करते रहते हैं लेकिन प्रदर्शन के एक नए ट्रेंड ने इन दिनों जिला प्रशासन को हलकान कर रखा है । यह ट्रेंड है अधिकारियों के सामने अचानक किसी के द्वारा अपनी जान देने का स्वांग रचाने लग जाना । पिछले दिनों जब जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर में प्याऊ का उद्घाटन कर रहे थे उस दौरान सरकारी नौकरी के लिए परेशान युवक ने थोक में सल्फास की गोलियाँ खा लीं जिससे उसकी हालत बिगड़ गई । यह वाकया रंग में भंग का सबब बन गया और उद्घाटन भूल कर अधिकारियों को उस स्वयंभू हठयोगी की तीमारदारी में जुट जाना पड़ा ।
सोमवार को फिर इसी तरह का वाकया पेश आया जब एक व्यक्ति पेड़ पर चढ़ कर फाँसी पर लटकने का एलान करने लगा । सारे अधिकारियों में उसके इस हाई वोल्टेज ड्रामे से हड़कंप मच गया । पुलिस भी बुला ली गई । किसी तरह मना कर उसे नीचे उतारा गया । यह व्यक्ति अस्पताल में दवा न मिलने की शिकायत कर रहा था । व्यक्ति का नाम मंगल ( 44 वर्ष ) निवासी कपासी बताया गया है जो दिव्यांग भी है । पुलिस ने प्रारभिक जानकारी में बताया कि मंगल विक्षिप्त है और स्मैक भी पीता है । इसलिये अटपटी हरकतें करता रहता है । मंगल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है जहाँ उसका ववाल जारी है और डाक्टरों को गालियाँ सुन कर भी उसे सम्हालना पड़ रहा है ।







Leave a comment