उरई। पत्रकार वीरेंद्र सिंह चैहान महेवा के हाथ धोकर पीछे पड़े चोरों ने मोहल्ला लहारियापुरवा स्थित उनके घर में एक महीने में दूसरी बार घात लगाकर लगभग 50 हजार रुपये की नगदी और जेवरातों की चपत लगा दी।
वीरेंद्र सिंह चैहान सपरिवार रिश्तेदारी की एक शादी में कानपुर देहात गये थे। चोर उनके मैन गेट का ताला तोड़कर भीतर पहुंच गये। इसके बाद उन्होंने उनके बैडरूम का भी ताला तोड़कर खोल लिया। अलमारी का लाॅक उनसे टूटते नही बना तो सब्बल से उन्होने अलमारी का एक दरवाजा अलग कर दिया। बैड में भी भारी तोड़फोड़ की।
इसके पहले 5 मार्च को भी चोरों ने उन्हें पांच लाख रुपये की चपत पहुंचाई थी। पुलिस ने इसका मुकदमा तो 7 मार्च को दर्ज कर लिया था लेकिन आज तक इस चोरी का खुलासा नही कर पाई। वीरेंद्र सिंह चैहान स्वयं कई बार एसपी और सीओ से मिले। पर यह पैरोकारी कारगर नही रही। संभवतः इसी से चोरों के हौसले बुलंद हो गये और दूसरी बार उन्होंने फिर वीरेंद्र सिंह के घर की ओर रुख कर दिया। घटना को लेकर जनपद के पत्रकारों में तीखा रोष व्याप्त है।

Leave a comment