उरई। एट थाना क्षेत्र में सोमई मोड़ को आये दिन होने वाले हादसों के कारण खूनी मोड़ के रूप में पहचाना जाने लगा है। शुक्रवार को देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से इस मोड़ पर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि उसके पीछे बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
उरई कोतवाली क्षेत्र के मड़ोरा निवासी रिंकू (25वर्ष) पुत्र कालका प्रसाद बीती रात मोटर साइकिल से गांव के ही खेमचंद्र (22वर्ष) पुत्र श्यामलाल के साथ रात लगभग 12 बजे गांव वापस जा रहा था इसी दौरान सोमई वाईपास की मोड़ पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी मोटर साइकिल में टक्कर मार दी जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। काफी देर बाद जब किसी राहगीर ने उनको देखा और पुलिस को खबर पहुंचाई तो पुलिस ने उन्हें अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। रिंकू की इस दौरान रास्ते में ही मौत हो गई जबकि खेमचंद्र को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां अभी भी उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

Leave a comment