उरई। नकाबपोश बाइक सवारों द्वारा गत 18 मई को कस्बा जालौन में की गई सभासद रविंद्र सिंह उर्फ रामू काका की हत्या के मामले का खुलासा आखिरकार हो गया है। इस सिलसिले में मुख्य आरोपी यश प्रताप उर्फ ओमजी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा व मोटर साइकिल भी बरामद कर ली गई है। अपर पुलिस अधीक्षक सुभाषचंद्र शाक्य ने बताया कि ओमजी के ताऊ के लड़के सूर्यप्रताप सिंह की 2015 में हत्या कर दी गई थी। जिसमें सभासद रामू काका का हाथ माना जाता था। इस कारण ओमजी ने चचेरे भाई की हत्या का बदला लेने के लिए सुपारी देकर 18 मई को रविंद्र सिंह उर्फ रामू काका की हत्या करा दी। हत्या के इस मामले में 8 लोगों को नामजद कराया गया था। लेकिन पुलिस वास्तविक आरोपियों को ही जेल में भेजने का निश्चिय किये बैठी थी। इसलिए बहुत सावधानी पूर्वक मामले में छानबीन की जा रही थी। अंततोगत्वा पुलिस को कामयाबी मिली और पुलिस ने मामले की सारी कड़ियां जोड़कर ओमजी को धर दबोचा। सुभाष चंद्र शाक्य ने बताया कि गिरफ्तार करने वाली टीम में मुख्य रूप से जालौन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह तोमर, वरिष्ठ निरीक्षक बृजनेश कुमार और उपनिरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता शामिल रहे।

Leave a comment