0 पंचों ने निपटा दिया मामला, रिश्तेदारी में आया था छेड़खानी करने बाला युवक
कोंच-उरई। ग्राम भेंड़ में आज सरे राह एक नाबालिग किशोरी के साथ छेड़खानी करने का मामला प्रकाश में आया है। छेड़खानी करने वाला युवक अपनी रिश्तेदारी में आया था और एक जगह बैठ कर शराब पी रहा था, उसी वक्त वहां पास में ही लगे हैंडपंप पर पानी भरने आई एक कक्षा नौ की छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। किशोरी के भाई ने यूपी 100 को फोन किया तो गाड़ी आकर युवक को कोतवाली ले आई लेकिन बाद में गांव के कतिपय पंचों ने मामले का निपटारा करा दिया जिसके चलते युवक का कमतर धाराओं में चालान कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भेंड़ में गुरुवार की सुबह गांव की ही एक किशोरी वहां एक स्थान पर लगे हैंडपंप पर पानी भरने गई तो वहां पहले से ही बैठे शराब पी रहे एक युवक ने उस नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़खानी कर दी। छात्रा ने यह बाकिया अपने घर बालों को बताया तो वहां गांव में उत्तेजना फैल गई, किशोरी के भाई ने यूपी 100 को फोन कर दिया जिस पर यूपी 100 की गाड़ी ने मौके पर पहुंच कर उक्त युवक को पकड़ लिया और थाने ले आई। बाद में गांव के कतिपय पंच टाइप के लोग कोतवाली पहुंच गये और दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। बहरहाल, पुलिस ने तहरीर नहीं मिलने पर छेड़खानी करने बाले युवक का अपेक्षाकृत कमतर धाराओं में चालान किया। बताया गया है कि उक्त युवक अपनी रिश्तेदारी में ग्राम भेंड़ आया था और इस तरह की घिनौनी हरकत कर बैठा।
आखिर कहां है एंटी रोमियो दल ?
योगी सरकार ने महिलाओं के साथ घटने वाली छेड़खानी की घटनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेकर सरकार गठित होते ही एंटी रोमियो स्क्वैड के गठन के निर्देश हर थाना कोतवाली को दिये थे और औपचारिक रूप से ये दल अन्य थानों के साथ कोंच कोतवाली में भी गठित हुआ है लेकिन जब से यह दल बना है तभी से यह सोया पड़ा है। न तो बाजारों और न ही स्कूल कॉलेजों या कोचिंग सेंटरों के आसपास इस एंटी रोमियो दल की गतिविधियां दिखाई देती हैं जिसके चलते छात्राओं और युवतियों को फब्तियां झेलते हुये अपने इच्छित स्थान तक जाना पड़ता है। अगर इस दल की यही हालत रही तो इसका होना न होना एक जैसा ही है।







Leave a comment