0 शासन नेे मांगी है अनापत्ति और प्रस्ताव भेजने के मिले हैं निर्देश
कोंच-उरई। कोंच में वर्षों पुरानी रोडवेज बस स्टैंड की मांग को अब जाकर पंख मिले हैं। अगर सब कुछ ठीक ठाक रहा और शासन द्वारा मांगी गई औपचारिकताओं में अगर ढील पोल न रही और समयबद्ध तरीके से सभी औपचारिकतायें पूर्ण हो जाती हैं तो निकट भविष्य में एक सुसज्जित सर्व सुविधा संपन्न रोडवेज बस स्टैंड यहां मूर्त रूप ले लेगा। इसके लिये शासन स्तर से प्रस्ताव और भूखंड की उपलब्धता को लेकर अनापत्ति मांगी गई है।
उत्तरप्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अपर प्रबंध निदेशक रामगणेश ने माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन द्वारा भेजे गये पत्र पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुये जिलाधिकारी जालौन नरेन्द्र शंकर पांडे को पत्र लिख कर कहा है कि विधायक द्वारा कोंच में बस स्टेशन की स्थापना कराने की अपेक्षा जताई है। विधायक द्वारा परिवहन विभाग को अवगत कराया गया है कि बस स्टेशन की स्थापना के लिये कोंच स्थित जिला परिषद् की भूमि निरूशुल्क उपलब्ध है। अपर निदेशक ने जिलाधिकारी के स्तर से यह अपेक्षा की है किवे अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत एवं एसडीएम को निर्देशित करें कि पंचायत की उक्त जमीन की पैमाइश/हस्तांतरण शीघ्रातिशीघ्र परिवहन निगम के पक्ष में कराने का कष्ट करें ताकि निगम उक्त भूमि पर बस स्टेशन की स्थापना संचालन का कार्य प्रारंभ किया जा सके। गौरतलब है कि पिछले दिनों कोंच से प्रारंभ कराई गईं चार रोडवेज बसों के संचालन के वक्त हरी झंडी जब विधायक निरंजन दिखा रहे थे तब उनसे यहां के लोगों ने कोंच में बस स्टैंड की स्थापना कराये जाने की जोरदार मांग की थी। इस मांग को उन्होंने गंभीरता से लेकर शासन में सशक्त पैरोकारी की है जिसके चलते बस स्टैंड यहां आकार लेने की स्थिति में आ गया है। इसके अलावा विभाग के अपर निदेशक रामगणेश जालौन में जिलाधिकारी रहे हैं और कोंच से उनका खास लगाव रहा है जिसकी वजह से वह भी इस काम में अपनी व्यक्तिगत दिलचस्पी ले रहे हैं।

Leave a comment