उरई। जहरीली शराब का कारोबार करने वाला कुख्यात माफिया जितेंद्र भदौरिया आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। 8 जनवरी को जालौन पुलिस ने इसके घर छापा मारकर भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब व बियर का जखीरा बरामद किया था। जिसमें इसकी बीबी मीरा देवी, लड़का पुष्पेंद्र भदौरिया और रिश्तेदार छुन्ना सिंह राजावत को पकड़ कर जेल भेजा गया था लेकिन खुद जितेंद्र भदौरिया उक्त दबिश के समय चकमा देकर फरार हो जाने में सफल रहा था। पुलिस तभी से इसकी तलाश कर रही थी। शनिवार को इसकी गिरफ्तारी कर इस पर गैंगस्टर आयद कर दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य ने बताया कि गैंगस्टर अधिनियम के प्रावधानों के मुताबिक इसके द्वारा जरायम से अर्जित आमदनी से बनवाये गये आलीशान मकान व नामी-बेनामी चार पहिया वाहनों को जब्त किया जायेगा और इसकी हिस्ट्रीशीट खोली जायेगी। एडीशनल एसपी ने यह भी बताया कि इसके खिलाफ पहले से एक दर्जन मुकदमें कायम हैं।





Leave a comment