कोंच-उरई। जनता का भरोसा लगभग खो चुकी पुलिस अब उससे नजदीकियां बढाने की कोशिश में लगी है। शासन और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बीती देर शाम से लेकर रात तक नगर की सड़कों और गलियों में चहलकदमी करती पुलिस ने जहां आम लोगों से हाल चाल और समस्यायें जानने की कोशिश की तो वहीं दुकानदारों को भी सुरक्षा के उपाय अपनाने के लिये कहा।
दरअसल, पूरी तरह से कमर्शियल बन चुकी पुलिस धीरे धीरे जनता का भरोसा खोती जा रही है और मजबूरी में ही वह पुलिस के पास जाती है। इस स्थिति को लोक कल्याणकारी सरकार के लिये ठीक नहीं मानते हुये सूबे की सरकार ने उसे फुट पर आने के कड़े निर्देश दिये हैं। शासन और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बीती देर शाम सीओ नवीनकुमार नायक के नेतृत्व में कोतवाल सत्यदेव सिंह, एसआई घनश्याम सिंह, उमेश सिंह, अरविंद दुवे, अवधेशकुमार सिंह, राजीवकुमार त्रिपाठी के साथ भारी पुलिस बल ने मारकंडेयश्वर तिराहे से फुट पेट्रोलिंग शुरू की और चैकी तिराहा, स्टेट बैंक, लवली चैराहा, मानिक चैक सर्राफा बाजार, रामगंज बाजार इलाकों में घूमते हुये जनता के लोगों से बात की। दुकानदारों की समस्यायें पूछी और उन्हें चैकीदार रखने के लिये कहा। उन्होंने खासतौर पर सर्राफा की दुकानों पर रुक कर उनके यहां जानने की कोशिश की कि सीसीटीवी कैमरे लगे हैं या नहीं। उन्होंने बड़े व्यवसायियों को सुरक्षा के दृष्टिगत सुझाव दिया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगवायें।

Leave a comment