उरई। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक इकलासपुरा स्थित जिला कार्यालय में पार्टी के जिलाध्यक्ष वीर पाल सिंह दादी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी ने केन्द्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार को झूठों का सरताज बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी शासन कायम होने के बाद भ्रष्टाचार व अपराध चरम सीमा पर पहुंच गया है। किसानों का शोषण और उत्पीड़न हो रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री भाषणों में डींगें हांकने के अलावा कोई काम नहीं कर रहे। पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी ने सपा की मासिक बैठक में शनिवार को कड़े तेवर दिखाकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश फूंक दिया। उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्य नाथ ने गेंहूं खरीद में कोई धांधली न होने देने का दम भरा था, जबकि हकीकत यह है कि प्रदेश में शायद ही कोई गेंहूं खरीद केन्द्र ऐसा हो जहां बिना सुविधा शुल्क दिए हुए किसान अपना गेंहंू बेच पा रहे हों। अगर कोई शिकायत करता है तो उसकी कोई सुनवाई नहीं करता। उन्होंने कहा कि अरबों रुपए की उगाही गेंहूं खरीद में ऊपर से कराई जा रही है। सरकार में जरा भी गै़रत हो तो इस पर रोक लगाकर दिखाए। अनुरागी ने कहा कि पूरा प्रदेश बढ़ते जरायम के कारण थर्रा रहा है। अपराधी बेखौफ होकर रेप, लूट, हत्या और डकैती की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ईमानदार डीजीपी के होते हुए भी नीलामी के आधार पर थानेदार और इंसपेक्टर नियुक्त किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का भ्रष्ट तंत्र नाकारा नेतृत्व का फायदा दोनों हाथों से लूट का बाजार गर्म करके उठा रहा है। जनशिकायतों के मामले में सरकार इतनी संवेदनहीन है कि तब तक जांच भी शुरू नहीं होती जब तक कि पुलिस के खिलाफ शिकायत की हिमाकत करने वाले फरियादी की हत्या ही न हो जाए। उन्होंने अराजकता की ऐसी स्थिति प्रदेश में कभी नहीं देखी गई। सपा के कई अन्य नेताओं ने भी सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। वीर पाल दादी ने कहा कि पार्टी हाईकमान से परमीशन लेकर सपा की जिला इकाई लोगों को बचाने के लिए सड़कों पर संघर्ष छेड़ने के कार्यक्रम की घोषणा करेगी।





Leave a comment