उरई। जनपद के तीनों विधान सभा क्षेत्रों में युवा निर्वाचकों के पंजीकरण के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर विशेष अभियान शुरू किया गया है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र शंकर पाण्डेय ने कलैक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि एक जून से शुरू इस अभियान के लिए बीएलओ नियुक्त कर दिए गए हैं। इनको प्रशिक्षण देने के लिए 6 व 7 जून को पहले मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण कराया जाएगा, इसके बाद 14 से 16 जून तक इनके द्वारा बूथ लेवल अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 8 जून से ईपी रेशियो के असन्तुलन को जांचने के लिए छानबीन होगी। यह कार्य 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। एक जुलाई से 31 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर फार्म 6 एकत्र करने के साथ दिवंगत हो चुके मतदाताओं की सूचना का सत्यापन करेंगे। 30 अक्टूबर को अभियान पूरा होने के बाद मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। गौरतलब है कि माधौगढ़ में 609300 की कुल जनसंख्या में 431197 कुल मतदाता हैं जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 237855 और महिला मतदाताओं की 193325 है। 17 अन्य मतदाता हैं। कालपी विधान सभा क्षेत्र में कुल जनसंख्या 586116 में 377459 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 209494 है जबकि महिला मतदाता 167955 हैं। थर्ड जेण्डर मतदाता 10 हैं। उरई सुरक्षित विधान सभा क्षेत्र में 616974 कुल आबादी में 423828 वोटर हैं। इन वोटरों में पुरुष मतदाता 231182 और महिला मतदाता 192630 हैं। उरई सुरक्षित में 16 थर्ड जेण्डर मतदाता हैं। पत्रकार वार्ता में अपर जिलाधिकारी आर के सिंह भी उपस्थित थे।





Leave a comment