उरई। मोटर साइकिल चोरों को पकड़ने की बाजीगरी से जिले की पुलिस वाहन मालिकों को आश्वस्त नही कर पा रही है। पुलिस से प्रत्यक्ष या परोक्ष मिली भगत होने के चलते ही जनपद भर में बाइक चोरियों का सिलसिला अविराम जारी है। गौरतलब है कि हाल में पत्रकार वार्ताओं में दूसरे जनपदों और राज्यों से चोरी हुए वाहनों के जखीरे के साथ गिरफ्तारियों का दावा करते हुए जिले के पुलिस अधिकारियों ने कई पत्रकार वार्ताएं एक के बाद एक की हैं। दूसरी ओर जनपद के अंदर हो रही वाहनों की चोरी पर पुलिस कोई रोक नही लगा पा रही और न ही कुछ महीनों में चोरी हुए वाहनों में से किसी की बरामदगी कर पा रही है। यह पहेली पुलिस के चेहरे पर धूर्तता टटोलने की वजह बन गया है। कहीं ऐसा तो नही है कि पुलिस के अधिकारी जनपद में सक्रिय वाहन चोरों से अंदर खाने समझौता किये हो हों जिसके तहत वे अपनी करतूतों की गाज से उन्हें बचाने के लिए प्रतिद्वंदी दूसरे जनपदों में सक्रिय चोरों को पकड़वा देते हों। बहरहाल यह बात जांच का विषय है। ताजा समाचार यह है कि जालौन कस्बे में रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने गंगाधाम गेस्ट हाउस गये रिनियां निवासी रविंद्र कुमार की मोटर साइकिल चोरी चली गई जिसकी शिकायत दर्ज कराने के लिए उन्होंने कोतवाली में सूचना दे दी है। अब मुकदमा दर्ज हो जाये तो यह उनका भाग्य है। वरना यहां तो सर्वोच्च स्तर पर भी विभाग में कोई शिकायत सुनने वाला नही है।

Leave a comment