कोंच-उरई। पिछले दिनों घटे एक घटनाक्रम में एक व्यक्ति को मजदूरी मांगने के एवज में जहर पिला कर मारने की कोशिश का मामला प्रकाश में आया था। हालांकि पीड़ित की जान तो बच गई है लेकिन उसका आरोप है कि पुलिस इस मामले की एफआईआर नहीं दर्ज कर आरोपी को खुल्ला छोड़े हुये है। ग्राम गैंदोली थाना कैलिया निवासी राघवेन्द्रसिंह पुत्र चतुरसिंह ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि वह कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अंडा में विनोद पुत्र धनसिंह कुशवाहा के यहां विगत छह माह से दो सौ रुपये प्रतिदिन की दिहाड़ी पर खेत मजदूरी करता रहा है। विनोद ने उसे केवल दो माह की मजदूरी का भुगतान किया था और जब उसने 15 मई को बकाया मजदूरी मांगी तो उसे जान से मारने की नीयत से विनोद व कल्लू पुत्र सटोले ने विषाक्त पिला दिया था जिससे वह बेहोश हो गया था और यूपी 100 ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। जिला अस्पताल में कई दिन तक चले इलाज के बाद उसकी जान बमुश्किल बच सकी लेकिन इस मामले की एफआईआर दर्ज करने में पुलिस हीलाहवाली कर रही है।

Leave a comment