जालौन। नगर में फैला अतिक्रमण कोढ़ में खाज की तरह पनप रहा है। दुकानदार अपनी अपनी दुकानों के सामने जगह घेर कर अतिक्रमण फैलाने मे अहम भूमिका निभा रहे हैं। तो वहीं, दुकानों के सामने आड़े तिरछे वाहन खड़े होने से भी जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। स्थानीय प्रशासन द्वारा हाल ही में औपचारिकता में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। लेकिन उक्त अभियान एक दिन में ही टांय, टांय फिस्स हो गया। जिसके चलते अतिक्रमण की समस्या जस की तस बनी हुई है।
नगर में अतिक्रमण इस कदर फैलता जा रहा है कि लोगों को बाजार आने के लिए कई बार सोचना पड़ता है। नगर में अतिक्रमण कोढ़ में खाज की तरह फैलता जा रहा है। नगर के कांजी हाउस के पास स्टेट बैंक से ही अतिक्रमण की शुरूआत हो जाती है। बाइकों के आड़े तिरछे खड़े कर देने से जाम की समस्या से पूरे दिन राहगीरों को जूझना पड़ता है। यही हाल तहसील गेट के सामने का रहता है। इसके अलावा पानी की टंकी से लेकर, सब्जी मंडी, झंडा चैराहा, पत्थर वाली गली, झंडा चैराहा आदि पर भी जाम के झाम से आम आदमी त्रस्त है। जाम में वाहन चालक तो फंस ही जाते हैं, पैदल चलने वाले लोग भी इस जाम के झाम में फंस कर परेशान होते हैं। तो वहीं, नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान की कई बार पहल हुई। लेकिन हमेशा ही प्रशासन अतिक्रमणकारियों के आगे नतमस्तक होता नजर आया। हाल ही में एसडीएम सौजन्य कुमार विकास ने भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया लेकिन यह अभियान दबंग अतिक्रमणकारियों के चलते एक दिन में ही टांय टांय फिस्स हो गया।







Leave a comment