उरई। 1 जनवरी 2017 को 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके युवक/युवतियों के नाम राष्ट्रीय निर्वाचन आयोग की मतदाता सूचियों में दर्ज कराने का विशेष देश व्यापी अभियान शनिवार से शुरू हो गया। जिलाधिकारी नरेन्द्र शंकर पाण्डेय ने इसकी शुरूआत गांधी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में की। इस दौरान छात्र/छात्राओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश में लोकतन्त्र में तभी मजबूती आ सकती है जब युवा मतदाता चुनाव में निष्ठापूर्वक भाग लें। उन्होंने कहा कि सकारात्मक परिवर्तन के लिए नई पीढ़ी ही सबसे अहम जिम्मेदार निभाती है। इसलिए उन्होंने मतदान करने के अर्ह सभी युवक/युवतियों से अपने नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में दर्ज कराने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने महिला मतदाताओं के कम अनुपात की ओर भी ध्यानाकर्षित कराया। उन्होंने कहा कि इससे यह जाहिर होता है कि लोग अभी भी अपनी संकीर्ण सोच के कारण घर की बहुओं का नाम वोटर लिस्ट में दर्ज कराने में परहेज करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर समय के साथ चलना है तो इस रवैये में बदलाव लाना पड़ेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अल्का नायक ने की। अपर जिलाधिकारी आर के सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र नाथ तिवारी व उपजिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।






Leave a comment