उरई। कालपी थाना क्षेत्र के यमुना किनारे स्थित बीहड़ी गांव नरिहान में वृद्ध का शव क्षतविक्षत हालत में मिलने से सनसनी व्याप्त हो गई है। मृतक सिरसाकलार थाना क्षेत्र के ग्राम हिम्मतपुर का निवासी था लेकिन काफी समय से अपने रिश्तेदारी में नरिहान में ही रह रहा था। प्राप्त समाचार के अनुसार रविवार को 80 वर्षीय पानसिंह का शव बुरी हालत में नरिहान गांव के बाहर खेतों में मिलने की सूचना से पुलिस प्रशाासन में हड़कंप मच गया। जांच के लिए पहुंचे कालपी कोतवाली के उपनिरीक्षक शिवनारायण सिंह ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताया गया है कि शुक्रवार को पान सिंह शौच के लिए घर से निकले थे। बाद में उनका शव क्षतविक्षत हालत में गांव के बाहर मिला। संदिग्ध परिस्थितियों के कारण पानसिंह की मौत को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है। पुलिस फिलहाल कुछ भी कहने से बच रही है।

Leave a comment