कोंच-उरई । विकास खंड कोंच के ग्राम बसोव में प्रधानी के उपचुनाव में दो दिन पहले हुये मतदान के बाद सोमवार को भारी सुरक्षा के बीच मतों की गिनती की गई जिसमें राजेश राजपूत उर्फ पालीवाल को शानदार जीत हासिल हुई है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेन्द्र कुमार को 16 वोटों के अंतर से शिकस्त देकर प्रधानी पर कब्जा कर लिया है। मृतक निवर्तमन प्रधान की पत्नी अनारकली भी अपने पति की विरासत संभालने के लिये चुनाव मैदान में थीं लेकिन गांव की जनता ने उन्हें नकार दिया और वे चौथे स्थान पर रहीं।
गुजरी पहली जुलाई को ग्राम प्रधान पद के लिये बसोव में वोट डाले गये थे जिसमें 2 हजार 663 कुल मतदाताओं के सापेक्ष 2 हजार 014 वोटरों ने अपने मताधिकारी का प्रयोग किया था, यानी 71 फीसदी मतदान हुआ था। चुनाव मैदान में छह प्रत्याशी थे जिनमें पूर्व प्रधान की पत्नी भी किस्मत आजमा रहीं थीं। आज सोमवार को खंड विकास कार्यालय कोंच में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एआरओ इंद्रसेन नाथ ने वोटों की गिनती शुरू कराई और लगभग एक बजे परिणाम भी आ गये जिसमें राजेश राजपूत उर्फ पालीवाल ने सभी प्रत्याशियों को शिकस्त देते हुये 16 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 539 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेन्द्र कुमार को 523 वोट मिले। अन्य प्रत्याशियों अनिलकुमार को 461, अनारकली को 381, जितेन्द्र को कुल 88 वोटों पर ही संतोष करना पड़ा जबकि छठें प्रत्याशी कढोरे को मात्र 1 वोट मिला। यहां गौर तलब यह है कि अपने पति की विरासत संभालने के लिये पूर्व प्रधान स्व. रामसिंह राजपूत की पत्नी अनारकली भी चुनाव मैदान में पूरे दम खम के साथ थीं लेकिन गांव की जनता ने उन्हें नकार दिया और वे चौथे स्थान पर रहीं। जैसे ही राजेश की जीत का औपचारिक ऐलान किया गया उनके समर्थक खुशी से उछल पड़े और उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। मतगणना के दौरान एसडीएम सुरेश सोनी, कोतवाल सत्यदेव सिंह, एसआई अवधेश कुमार, बीडी बुंदेला आदि भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। विजयी प्रत्याशी राजेश को पुलिस सुरक्षा में गांव उनके घर तक भेजा गया।

Leave a comment