उरई । कुठौंद में एक आरोपी को पकड़ कर ले जा रहे एस ओ की गाड़ी पर उसके भाई ने हमला बोल दिया । पुलिस को पीटा और राइफल छीनने की कोशिश करते हुए आरोपी को छुड़ा लिया । हमले में पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई । इस बीच डायल 100 की गाड़ी आ जाने से पुलिस ने जवाबी कारवाई कर हमलावरों की बुलेरों जब्त कर ली । भागते हुए हुए हमलावरों में से एक को दबोच लिया गया ।
जनपद में अपनी कार्यशैली की वजह से पुलिस को लगातार फजीहत का शिकार होना पड़ रहा है । सोमवार को कुठौंद के एस ओ प्रमोद चौधरी एंकों में सपा नेता सत्य नारायण यादव के भाई श्याम विहारी यादव के शराब पी कर तांडव करने की शिकायत मिलने पर 2 सशस्त्र सिपाहियों को ले कर दविश देने पहुँच गए । श्याम बिहारी के ख़िलाफ़ और भी शिकायते थी । इसलिये श्याम बिहारी को पकड़ कर उन्होने अपनी जीप में बैठा लिया और थाने के लिए चल पड़े । उधर सत्य नारायण को जब यह खबर मिली तो वह आग बबूला हो कर आधा दर्जन लोगों के साथ बुलेरों ले कर पुलिस का पीछा करने निकल पड़ा । हरसिंहपुर के पास उसने बुलेरों पुलिस की जीप के आगे तिरछी खड़ी कर रास्ता रोक लिया और पुलिस पर टूट पड़ा । एक सिपाही के बिल्ले नोच लिए और एस ओ के साथ धक्कामुक्की की । उनकी गाड़ी को भी तोड़ने की कोशिश की । एक सिपाही की राइफल छीनने का प्रयास किया । एस ओ इस अप्रत्याशित हमले से सन्न रहा गए । इस बीच सत्य नारायण ने श्याम बिहारी को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया और जीप स्टार्ट करके चल पड़ा ।
पुलिस की किस्मत अच्छी थी कि तब तक डायल 100 की गाड़ी आ गई । यह देख कर पुलिस का हौसला बढ़ गया । पुलिस के जवाबी कारवाई करते ही हमलावर भागने लगे । इस दौरान पुलिस ने एक हमलावर को दबोच लिया । हमलावरों की जीप भी पुलिस ने अपने कब्जे मे कर ली । पकड़े गए हमलावर से थाने ला कर पुलिस कड़ी पूंछताछ कर रही है ताकि सत्यनारायण और श्याम बिहारी को पकड़ा जा सके ।







Leave a comment