
उरई।समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के अन्दर करना सुनिश्चित करें।
उक्त बात जिलाधिकारी नरेन्द्र शंकर पाण्डेय ने आज जालौन तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस पर राजस्व पुलिस, नगर पालिका सिंचाई समाज कल्याण महिला कल्याण, विकलांग कल्याण, नलकूप, जिला पंचायत राज वन विभाग, पशुपालन आदि विभागों की शिकायतें सुनने के उपरान्त वहां उपस्थित जनपद अधिकारियों से कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा इन शिकायतों की समीक्षा की जाती है और सीधे शिकायत कर्ता से निस्तारण की जानकारी की जाती है। अनिस्तारित होने की दशा में सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों तक भी बात कर कार्यवाही की जाती है। इसलिए समय के बाद निस्तारित न हो पाने वाली शिकायतों का निस्तारण समयान्तर्गत करना सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर भी निस्तारित मुख्यमंत्री संदर्भ जिलाधिकारी, संदर्भ जनसुनवाई, तहसील दिवस आदि की समीक्षा भी की जाती है। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री जी द्वारा आई0जी0आर0एस0 से सम्बन्धित शिकायतों की समीक्षा वीडियो कान्फ्रेन्स द्वारा दिनांक 06-07-2017 को अपरान्ह में की जायेगी। पोर्टल पर जिन विभागों की शिकायतों डिफाल्टर हो गई है वह तत्काल निस्तारित कराकर दिनांक 05-07-2017 तक अपनी रिपोर्ट दें। साथ ही निस्तारण के बाद पोर्टल पर शून्य हो जाये। दिनांक 06-07-2017 को आटा में वृहद वृक्षारोपण किया जायेगा। जिसमें अधिकारी भी सहभागिता करें। इसके साथ ही समस्त विभाग अपने-अपने वृक्षारोपण लक्ष्यों को दिनांक 07 जुलाई तक अनिवार्य रूप से शतप्रतिशत वृक्ष लगाकर लक्ष्य पूर्ति करें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य न होगी। वृक्षारोपण के बाद सभी विभागों के वृक्षारोपण सत्यापन कराया जायेगा तहसील दिवस में विभिन्न विभागों की कुल 204 शिकायतें दर्ज की गई जिसमें से 01 का निस्तारण मौके पर किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई, मुख्य विकास अधिकारी एस0पी0सिंह, डी0एफ0ओ0 बी0आर0 अहिरवार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 अल्पना बरतारिया, उपजिलाधिकारी सौजन्य कुमार विकास सहित अन्य सभी जनपद अधिकारी उपस्थित रहे।







Leave a comment