उरई। डायल 100 पर फर्जी सूचना देने वालों को कड़ा सबक देने के लिए पुलिस ने आज दो लोगों को जेल भेज दिया।  तहसील जालौन में आज मुख्य तहसील दिवस का आयोजन था जिसमें डीएम एसपी उपस्थित थे। इस दौरान 100 नम्बर डायल करके किसी ने छिरिया सलेमपुर के पास ढाई लाख रुपए की लूट होने की इत्तिला बताई। जिससे हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए जालौन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह तोमर को खुद मौके पर  जाकर जांच करने के लिए भेजा। यह सूचना थाना रामपुरा के अंगदेला मड़इंया गांव के राम लखन ने दी थी जिसे पुलिस बहुत मुश्किल से तलाश पाई। उनकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने कस्बा जालौन में छिरिया सलेमपुर निवासी कमलेश तिवारी को दबोच लिया। लेकिन जब पूछताछ हुई तो पता चला कि राम लखन पर खुद ही कई संगीन मामले हैं। दस्यु सरगना फक्कड़ के समय से उसके परिवार का नाम चर्चित है। दरअसल उसका और कमलेश तिवारी का दोनों की मोटरसाइकिलें भिड़ जाने से झगड़ा हो गया था। जिसे लेकर राम लखन ने पुलिस को लूट की खबर बढ़ा-चढ़ा कर देने की हिमाकत कर डाली। इसे लेकर पुलिस ने राम लखन और कमलेश तिवारी दोनों का चालान कर दिया। साथ ही एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।

Leave a comment