कोंच-उरई। कोंच रेल लाईन विस्तार को पंख मिलने की उम्मीद बढ गई है, इसी के साथ जालौन वासियों की वर्षों पुरानी उन्हें रेल सुविधा से जोड़ जाने की मांग भी मूर्त रूप लेने की दिशा में आगे बढ रही है। रेलवे ने कोंच से उरई वाया जालौन 69 किमी नया रेल पथ बनाये जाने के लिये पुनरू सर्वे किये जाने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिये हैं। प्रथम चरण के निर्माण के लिये 576 करोड रुपये की धनराशि का प्राकलन तैयार किया गया है। अगर सब कुछ ठीक ठाक रहा तो कल 11 जुलाई को इलाहाबाद जाने रेलवे के यातायात निरीक्षक वीपी सेन जालौन पहुंच कर वहां के जिम्मेदार लोगों से मुलाकात कर इस नई रेल लाइन पर चर्चा कर जरूरी जानकारियां इकट्ठा कर सकते हैं। उक्त जानकारी देते हुये जाने माने समाजसेवी सुनील लोहिया ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया है कि क्षेत्रीय सांसद भानुप्रताप वर्मा द्वारा रेलवे मंत्रालय में किये गये प्रभावी प्रयास व उनके द्वारा रेल सुविधाओं के लिये किये गये सतत संघर्ष के बाद रेलवे विस्तार की मांग रेलवे ने स्वीकार कर ली है। इलाहाबाद जोन रेलवे के यातायात निरीक्षक वीपी सेन ने दूरभाष पर बताया कि कोंच उरई वाया जालौन नई रेल लाईन बिछाये जाने के लिये रेलवे द्वारा पूर्व मे कराये गये सर्वे को पुनः सर्वेक्षण कर धनराशि प्राकलन तैयार कर रेलवे बोर्ड को शीघ्र प्रस्तुत किये जाने के निर्देश उन्हें मिले हैं। नई रेल लाइन का जो खाका खींचा गया है उसमें कोंच के आगे भेंड़, वीरपुरा नये स्टेशन विकसित किये जायेंगे। फिलहाल, जो 576 करोड़ की धनराशि मंजूर की गई है वह रेल पथ निर्माण के लिये हैं, अन्य कार्य जैसे लाइन के विद्युतीकरण और यांत्रिक कार्यों के लिये अलग से धन की व्यवस्था की जायेगी।






Leave a comment