कोंच-उरई। मथुराप्रसाद महाविद्यालय प्रबंध कारिणी समिति के उपचुनाव में उपाध्यक्ष/प्रबंधक पद पर आज नाम बापिसी के दिन अंतिम क्षणों तक किसी भी प्रकार का निष्कर्ष नहीं निकल पाने की स्थिति में तीनों प्रत्याशी चुनाव मैदान में खम ठोंक रहे हैं, अलबत्ता कोषाध्यक्ष पद से चार लोगों द्वारा नाम बापिस ले लेने के बाद शिवकुमार निरंजन निर्विरोध कोषाध्यक्ष बन गये हैं। महाविद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के रिक्त दो पदों उपाध्यक्ष/प्रबंधक तथा कोषाध्यक्ष के लिये उपचुनाव की जारी प्रक्रिया में आज नाम वापिसी के दिन प्रबंधक पद से किसी भी प्रत्याशी के नाम वापिस नहीं लेने के बाद तीनों प्रत्याशियों केदारनाथ सिमिरिया, गोविंदसिंह निरंजन नक्टेला तथा सिद्घांत शिरोमणि सीरौठिया के बीच मुकाबला होना तय हो गया है। सहायक निर्वाचन अधिकारी द्वय शैलेष सोनी तथा सुशील दूरवार मिरकू महाराज ने बताया है कि इस पद के लिये 16 जुलाई को वोट डाले जायेंगे। उन्होंने बताया कि कोषाध्यक्ष पद के पांच प्रत्याशियों में से विनोद दुवे लौना, संजय अग्रवाल शीलू चाचा, सुरेश तिवारी और मुलायमसिंह निरंजन द्वारा नाम बापिस ले लिये गये हैं जिसके चलते इस पद पर शिवकुमार निरंजन के निर्विरोध निर्वाचन में किसी भी प्रकार की अड़चन नहीं रह गई है। गौरतलब है कि प्रबंधकारिणी समिति का कार्यकाल अभी लगभग दो साल बाकी है, इसी बीच उपाध्यक्ष/प्रबंधक विजयकृष्ण निरंजन तथा कोषाध्यक्ष अनिलकुमार निरंजन का असमय निधन हो गया जिसके चलते दोनों पद कई महीनों से रिक्त चल रहे थे। हालांकि बीच में एक बार निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हुई थी लेकिन कतिपय कारणों के चलते सहायक चुनाव अधिकारी ने समूची प्रक्रिया ही निरस्त कर दी थी। दो अहम् पद रिक्त होने के कारण महाविद्यालय के तमाम कार्य साल भर से ज्यादा से बाधित पड़े हैं लेकिन अब उम्मीद है कि चुनाव प्रक्रिया अंतिम विंदु तक पहुंचेगी और कॉलेज सुचारु रूप से चलने की स्थिति में होगा।







Leave a comment