कोंच-उरई। गुजरी 6-7 जुलाई की रात गढी स्थित प्राचीन गणेश मंदिर के ताले चटका कर भगवान जी के मुकुट सहित अन्य सामान की हुई चोरी का अब तक खुलासा नहीं होने से खफा मंदिर कमेटी के लोगों के अलावा बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस कप्तान को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुरेश सोनी को देकर चोरों पर शिकंजा कसने और चोरी का अनावरण किये जाने की मांग की है। गणेश सेवा समिति के कार्यकर्ताओं हरिश्चंद्र तिवारी, सुधीर सोनी, राहुल तिवारी, मनोज दूरवार, मृदुल दांतरे, सूर्यदीप सोनी, बिष्णुकांत शास्त्री, राजीव यादव कल्लू, अरविंदकुमार दुवे, गौरव सोनी, ऋषि झा, राहुल राठौर, विहिप अध्यक्ष सुशील दूरवार मिरकू महाराज, रूपेश तिवारी, अनुज मिश्रा आदि ने एसडीएम को ज्ञापन देकर कहा है कि गढी स्थित प्राचीन गणेश मंदिर यहां के लोगों की आस्था का केन्द्र है और सैकड़ों लोग यहां दर्शनार्थ आते हैं। विगत दिनों इस मंदिर के मुख्य गर्भ गृह के ताले चटका कर अज्ञात चोरों ने भगवान जी का चांदी का मुकुट तथा अन्य सामान के अलावा दान पेटी जिसमें लगभग आठ हजार रुपये थे, चुरा लिये हैं और पुलिस अब तक अंधेरे में तीर मारने में लगी है। उन्होंने कहा कि इस चोरी से श्रद्घालुओं में रोष है और वे शीघ्र ही इसका खुलासा चाहते हैं। उन्होंने मांग की कि चोरों पर कड़ा शिकंजा कसा जाये और नियमित गश्त की व्यवस्था की जाये ताकि भविष्य में ऐसी वारदात की पुनरावृत्ति न हो। कमोवेश इसी तरह की मांग एक ज्ञापन द्वारा बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने भी करते हुये एसडीएम को अलग से ज्ञापन दिया है। कार्यकर्ताओं में नगर संयोजक आकाश बुधौलिया, अमन गुप्ता, नितिन सोनी, आशुतोष रावत, शिवम शुक्ला कनासी, दीपक गर्ग, सौरभ पुरवार, आनंद सोनी, कुलदीप झा, सचिन भड़ारी, प्रांशु हिंगवासिया, दौलत यादव, हिमांशु वर्मा आदि शामिल रहे।







Leave a comment