उरई। शहर में अवैध तरीके से बन रहे गुटखे को लेकर जिला प्रशासन ने  भैरव गुटखा गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान वहां पर हडक़ंप मच गया और आनन फानन में कर्मचारी इधर, उधर भागने लगे।  इस दौरान जिला प्रशासन ने कई नामों से चल रहे अवैध गुटखे व पाउच बरामद किए। अधिकारियों ने कहा कि छापेमारी के दौरान सैंपुल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। वहां से रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि इसके पहले भी गोदाम पर छापा मारकर सैंपुल लिया जा चुका हैं। हैरत की बात तो यह हैं कि उस दौरान छापेमारी के समय लिए गए सैंपुल को जांच के लिए भेजा गया था, लेकिन अभी तक उसकी रिपोर्ट नहीं आ सकी हैं।

बता दें कि शहर में नियमों को ताक पर रखकर अवैध गुटखा बनाया जा रहा है। आलम यह है कि गली, कूचों से लेकर मोहल्लों तक में फैक्ट्रियां संचालित हो रहीं हैं। सूत्रों का कहना है कि खाद्य विभाग के संरक्षण में गुटखे का कारोबार किया जा रहा है।  शहर में जगह, जगह बेरोकटोक तरीके से संचालित हो रहे इस कारोबार पर रोक लगाने के लिए सिटी मजिस्टे्रट के नेतृत्व में शहर कोतवाल देवेंद्र द्विवेदी, खाद्य विभाग की अभिहित अधिकारी प्रियंका सिंह के साथ पुलिस फोर्स ने शहर के राजमार्ग स्थित भैरव गुटखा गोदाम पर छापा मारा, जहां पर पुलिस व अधिकारियों को देखकर अफरा, तफरी मच गई और कर्मचारी तम्बाकू मिश्रित गुटखे को छिपाने में लग गए। सिटी मजिस्टे्रट ने बताया कि गोदाम में तम्बाकू मिश्रित गुटखा के अलावा विभिन्न ब्रांडों की पन्नी बरामद की गई है।

 

अभी तक नहीं आई पिछले नमूने की रिपोर्ट

खाद्य विभाग की सरपरस्ती में संचालित हो रहे अवैध गुटखे के कारोबार को लेकर प्रशासन को राजस्व के रूप में लाखों रुपये का चूना लग रहा है। सूत्रों की मानें तो खाद्य विभाग ने करीब दो माह पूर्व भैरव गुटखा गोदाम पर छापा मारा था। नमूना भी भेजा गया, पर हैरत की बात तो यह है कि अभी तक उसकी रिपोर्ट तक नहीं आई है। इससे माना जा रहा है कि कहीं न कहीं विभाग व गोदाम संचालक के बीच तालमेल हैं।

छापे की खबर से बंद हुए गोदाम

डीएम के निर्देश पर सिटी मजिस्टे्रट की ओर से शहर के भैरव गुटखा गोदाम पर मारे गए छापे के चलते हडक़ंप की स्थिति रही। आलम यह रहा कि शहर की गली, कूचों में चल रहे गोदाम व दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गई है और अधिकारियों की लोकेशन लेते रहे। छापेमारी के दौरान खाद्य विभाग के अधिकारी भी सहमे नजर आए।

Leave a comment