
कालपी(उरई)। बच्चों के विवाद को लेकर एक छात्र के अभिभावक ने अपने एक दर्जन साथियों के साथ विद्यालय के भीतर घुसकर छात्रों के साथ मारपीट कर दी तथा छात्रों को बचाने आये लिपिक के घर में जाकर वर्ग विशेष के लोगों ने गाली गलौज कर दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी भागे। मारपीट के बाद घायल हुए छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से एक छात्र को जिला अस्पताल रिफर किया गया। अभिभावक की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया। लेकिन आरोपियों को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही। मामले को लेकर शहर में तनाव व्याप्त है।
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला सदर बाजार स्थित मोतीचंद्र वर्मा विद्यालय में सुबह आठ बजे बच्चे स्कूल प्रागण में खेल रहे थे तभी कक्षा छह के छात्र रितुराज तिवारी का विवाद कक्षा पांच में पढ़ने वाले छात्र अरसुमान से हो गया। अरसुमान अपने घर गया और अपने घरवालों को विवाद की बात बतायी। जिस पर अरसुमान के भाई अनीस व अरशद निवासी भट्टीपुरा अपने एक दर्जन साथियों के साथ लाठी डंडे लेकर स्कूल में आये और बच्चों को लात घूसों से जमकर पीटा। जिसके कारण बच्चे डर गय और अपने-अपने क्लास में जाकर छुप गए। विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश व लिपिक आशकुमार ने जब रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ भी धक्का मुक्की कर दी। घटना की सूचना पुलिस को देने से हमलावर गुस्सा गए और विद्यालय के पास निवास करने उक्त लिपिक के घर जाकर दरवाजों में लाते मारी और गालीगलौज कर दी। जिससे पूरे मोहल्ले में भय का माहौल व्याप्त हो गया। वहीं इस घटना में घायल हुए छात्र रितुराज, अंकित, निखिल, हिमांशु को उनके अभिभावक ने अस्पताल में भर्ती कराया। जिसमें रितुराज का कान का पर्दा फट जाने के कारण उसे उरई के लिए रिफर कर दिया गया। वहीं अंकित की छाती में काफी चोटे है। घटना की खबर फैलते ही सभी अभिभावक स्कूल पहुंचे और अपने-अपने बच्चों को घर ले आए। रितुराज के पिता जीतू तिवारी व अंकित के पिता महेश प्रसाद ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। वहीं लिपिक आश कुमार ने भी अपनी अलग से तहरीर दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्कूल में छात्रों के बयान दर्ज किए। घटना को लेकर कोतवाली में भारी भीड़ जुट गयी। मामला वर्ग विशेष से जुड़ा होने के कारण नगर में तनाव व्याप्त है। वहीं वरिष्ठ उपनिरीक्षक ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले अनीस व सलमान तथा तीन अज्ञात के विरूद्ध मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की तलाश में दविश दी जा रही है।






Leave a comment