जालौन-उरई । सीएम योगी के फरमान पर स्थानीय अधिकारी खरा उतरते नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि  आदेश के बाद भी सुबह 9 बजे दफ्तर नहीं खुल रहे हैं। जो खुल भी जाते हैं, वहां पर अधिकारी, कर्मचारी कब पहुंचे, कोई पता नहीं रहता है। इसकी बानगी गुरुवार को उस समय देखने को मिली, जब नगर में स्थित जलसंस्थान दफ्तर की खाली कुर्सियां साहब का इंतजार कर रही थीं, लेकिन काफी देर के बाद कोई नहीं आया। इससे उपभोक्ताओं में रोष देखा गया तो वहीं, कर्मचारी भी इधर, उधर घूमते नजर आए। अब देखना यह हैै कि जिला प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाएगी, यह आने वाला समय बताएगा।

बता दें कि सीएम आदित्यनाथ योगी ने सुबह 9 बजे सरकारी दफ्तरों का समय निर्धारित कर दिया है और निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी पहुंचे और आने वाली समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका निस्तारण किया जाए। इसमें किसी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहींं की जाएगी। जो गैरहाजिर मिलेगा, उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, पर नगर के जलसंस्थान दफ्तर में न तो सीएम का कोई भय है और न ही प्रशासन का कोई खौफ। मजे की बात तो यह है कि सुुबह 10 बजे तक दफ्तर में कोई कर्मचारी, अधिकारी नहीं आया। वहीं, परिसर में कर्मचारी भी साहब न आने की वजह से गपशप करते नजर आए। वहीं, नगर निवासी रामवीर, गुलाब सिंह, पंकज सिंह आदि ने बताया कि वह एक घंटे से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सुबह 10 बजे तक अधिकारी नहीं आए थे।

 

Leave a comment