कोंच-उरई । सड़कें गड्ढा मुक्त होने की मियांद जाती रही है और सड़कों की हालत अभी भी देखने लायक है। बारिश ने भरे गये गड्ढों की भी पोल खोल कर रख दी है। उधर, नदीगांव में आधा किमी सड़क अनबनी रहने के कारण लोगों को तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. एसके शर्मा ने शासन के लोनिवि के मंत्री को पत्र लिख कर कहा है कि विकास खंड नदीगांव अंतर्गत मसूदपुरा से खजरी मोड़ तक सात किमी सड़क प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में बननी थी लेकिन सपा शासन में मानक के अनुरूप सड़क का निर्माण नहीं किया गया। पहूज नदी के दोनों ओर लगभग 500 मीटर सड़क बनी ही नहीं जिससे पुल के पहले सड़क टूट गई। इस स्थिति में लोगों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधूरी सड़क के निर्माण और लोकार्पण पर सवालिया निशान खड़े करते हुये इसकी जांच कराने और अनबनी रह गई सड़क बनवाने की मांग मंत्री से की है।

Leave a comment