कोंच-उरई। गुरुवार को बड़ा ही रोचक और दिलचस्प बाकिया पेश आया नगर के व्यस्ततम सागर चौकी तिराहे पर, एक महिला वहीं स्थित एक हेयर कटिंग सैलून में घुस गई और जम कर बबाल काटते हुये पैरों से चप्पलें निकाल कर दुकानदार पर पिल पड़ी। यह देख दुकानदार बौखला गया और बचाव में हाथ पैर फैकने लगा। जब महिला द्वारा उसकी पिटाई का क्रम जारी रहा तो उसने पुलिस को फोन कर दिया जिस पर कोबरा के सिपाही वहां पहुंच गये। सिपाहियों ने सबसे पहला काम महिला का पिटाई करते वक्त वीडियो बनाने का किया, इसके बाद महिला सिपाही बुलवा कर उक्त हमलावर महिला को कोतवाली लाया गया। चिकित्सीय परीक्षण करा कर महिला का शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया गया। पुलिस द्वारा बताया गया है कि सारा मामला बारबर द्वारा एक व्यक्ति के बाल काटने और मांगने पर भी दुकानदार को पैसे नहीं देने का है जिसकी शिकायत दुकानदार द्वारा पुलिस में की गई थी।

दरअसल, इस घटना की नींव गुजरे कल पड़ी थी। कस्बे के गांधीनगर निवासी कोमल सिंह पुत्र प्रेमनारायण याज्ञिक ने कल बुधवार को पुलिस में तहरीर देकर शिकायत की थी कि नीलम नाई ने उसकी दुकान पर बाल कटवाये और जब उससे पैसा मांगा गया तो उसने दबंगई दिखाते हुये पैसे देने से इंकार कर दिया। इस तहरीर की बिनाह पर पुलिस ने नीलम नाई के घर दबिश दी थी जिसमें नीलम तो नहीं मिला लेकिन पुलिस उसकी बाइक जरूर उठा लाई। पुलिस की अगर मानें तो नीलम इस पुलिस दबिश से बौखला गया और वह अपनी महिला मित्र नसीमा को साथ लेकर उक्त दुकानदार को सबक सिखाने के लिये उसकी दुकान पर गया था। बताते हैं नसीमा ने बारबर के बड़े भाई पर उसके साथ छेड़खानी का आरोप दागा और कोमल पर चप्पलें लेकर पिल पड़ी। जब पुलिस वहां पहुंची तो नीलम मौके से भाग गया और पुलिस महिला को पकड़ कर कोतवाली ले आई।

 

सिपाहियों पर भी लगाया था छेड़खानी का आरोप

अभी कुछ ही दिन पहले की बात है जब उक्त महिला नसीमा ने कोबरा के सिपाहियों पर भी छेड़खानी का आरोप आयद किया था। उक्त घटना से पुलिस को अपने बचाव में बैकफुट पर आना पड़ा था। पुलिस का कहना है कि उक्त महिला गिरवरनगर में जुये का फड़ चलाती है और जब पुलिस वहां छापा डालने जाती है तो महिला होने का नाजायज लाभ लेकर जुआरियों और अपना बचाव कर लेती है। गौरतलब यह है कि जिस वक्त पुलिस ने उसके यहां दबिश दी थी उस दिन पूरी फोर्स के साथ महिला सिपाहियों को भी ले जाया गया था लेकिन नसीमा ने ढाल बन कर जुआरियों के लिये सेफ पैसेज बना लिया था और सिपाहियों पर बदसलूकी का आरोप जड़ कर पुलिस को उल्टे पांव लौटने के लिये मजबूर कर दिया था। आज की घटना में अगर दिलचस्प प्वाइंट पर गौर किया जाये तो घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने पहले महिला का दुकानदार की पिटाई करते हुये वीडियो बनाया तब आगे की कार्यवाही की ताकि सनद रहे और वक्त पर काम आवे।

 

Leave a comment