उरई। वर्तमान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) जालौन स्थान उरई ने खर्च की विभिन्न मदों के जरिये लाखों रुपये की सरकारी धनराशि का खुला गबन कर लिया है। उक्त आशय की एक शिकायत तमाम साक्ष्य संलग्न करते हुये उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व माण्डलिक मंत्री झांसी मंडल झांसी रामराजा द्विवेदी ने मुख्यमंत्री से इस अपेक्षा के साथ शिकायत की है कि वह प्रस्तुत साक्ष्यों के आलोक में शिकायत की उच्च स्तरीय जांच करायें तथा गबन पाये जाने पर बीएसए के विरुद्ध कानून की सुसंगत धाराओं में मामला कायम करा ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करें ताकि भविष्य में शिक्षा विभाग का कोई अधिकारी अनियमिततायें बरतने से पहले सौ बार सोचे।

शिकायतकर्ता शिक्षक नेता रामराजा द्विवेदी ने अपने शिकायती पत्र में गबन के 6 बिंदुओं पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया है। इनमें से एक वार्षिक परीक्षा में प्रश्नपत्र मुद्रण कराने में धनराशि का गबन, एक ही प्रकार के कार्य के लिये विभिन्न प्रकार के कागजातों की मांग, प्रेस एक्ट रजिस्ट्रेशन आफ बुक एक्ट के रजिस्ट्रेशन की छायाप्रति की मांग कर लोकल फर्मों को टेण्डर न डालने देने और मनमाफिक तथा अयोग्य फर्म को काम देकर गबन करने, निर्धारित छात्र संख्या से अत्यधिक छात्र संख्या दर्शा आपूर्ति आर्डर के साथ गबन, मूल्यांकन प्रोफाइल का प्रकाशन न कराना तथा अनियमितता बरत गबन करना और चाइल्डवाइस डाटा बेस की डाटा इंट्री में कार्य में धांधली कर धनराशि का गबन करना सम्मिलित है। कहा गया है कि विभागीय अधिकारियों ने गबन की गई रकम का बंदरबांट कर लिया है तथा जनहित, छात्रहित और देशहित में सतर्कता विभाग से प्रस्तुत बिंदुओं पर जांच व अनुशासनात्मक कार्यवाही आवश्यक है।

 

 

Leave a comment