कोंच-उरई। जनता की समस्याओं के निस्तारण के लिये आयोजित समाधान दिवस में आज सर्किल के तीन थानों में कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं जिसमें तीन का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। एएसपी ने नदीगांव थाने का निरीक्षण कर शिकायतों के निस्तारण की स्थिति देखी और अधीनस्थों को गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश दिये।  कोतवाली कोंच में कोतवाल सत्यदेव सिंह की अध्यक्षता में निपटे समाधान दिवस में कुल 9 शिकायतें आईं जिनमें 1 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। एएसपी सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने नदीगांव थाने में समस्याओं के निस्तारण की स्थिति देखी तो एसडीएम सुरेश सोनी की मौजूदगी में कैलिया थाने का समाधान दिवस निपटा। कोंच में ज्यादातर मामले दबंग कास्तकारों द्वारा अपने पड़ोसी कास्तकारों के खेतों, चकरोडों या नालियों को मिसमार कर अपने खेतों में मिला लेने के आये। यहां एक फरियादी ने तो उस समय हद ही कर दी जब उसने एक मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ 180 रुपये के लेनदेन को लेकर शिकायत की। नदीगांव थाने में तहसीलदार सुरेन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में निपटे समाधान दिवस में कुल दो शिकायतें आईं जिनमें किसी का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। एसओ रवीन्द्र कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे। कैलिया थाने में कुल छह प्रार्थना पत्र आये जिनमें चार का समाधान मौके पर किया गया। इस मौके पर एसओ प्रभुनाथ सिंह मौजूद रहे।

Leave a comment