उरई। रामपुरा थाने के टीहर गांव में किशोरी ने सूने घर में फांसी पर लटक कर आत्महत्या कर ली। उसके इस कदम का कारण ज्ञात नही हो सका है। उक्त ग्राम निवासी रामदास प्रजापति उर्फ छोटे की 17 वर्षीय पुत्री आरती ने घर के अंदर के कमरे में उस समय फांसी लगा ली जब उसके माता-पिता मौजूद नही थे। रामदास पेशे से कारीगर है जो काम पर निकल गया था। जबकि उसकी पत्नी चारा काटने के लिए खेतों पर चली गई थी। जब मृतका की मां खेतों से लौटकर घर पहुंची तो काफी देर तक कुंडी खटखटाने के बावजूद दरवाजा नही खुला। इसके बाद उसने घबराकर अगल-बगल वालों को बताया। उनकी मदद से दरवाजा खुलने के बाद जब वह अंदर पहुंची तो आरती के शव को फांसी पर झूलते देख उसके होश फाख्ता हो गये। सूचना पाकर रामपुरा थाने के हल्का इंचार्ज प्रदीप कुमार सिंह ने टीहर में उसके घर पहुंचकर उसका शव उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उन्होंने बताया कि लड़की के माता-पिता से उसकी आत्महत्या के संभावित कारण के बारे में पूछा था लेकिन वे कोई जानकारी नही दे सके।

Leave a comment