कोंच-उरई। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदेवरा के रहने वाले वृद्ध नंदलाल के बेटे को छह दिन पूर्व कथित रूप से पुलिस उठा कर ले गई थी लेकिन कहां की पुलिस ले गई और किस जुर्म में ले गई इसकी जानकारी आज तक उस वृद्ध को नहीं मिल सकी है। बेटे की तलाश में वह दर दर भटक रहा है लेकिन उसके बेटे का अभी तक सुराग नहीं लगना बहुत ही गंभीर विषय है। शनिवार को ग्राम भदेवरा निवासी नंदलाल कोंच कोतवाली आया और उसने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि लगभग छह दिन पूर्व सोमवार को एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी में कथित रूप से आये कुछ वर्दीधारियों और कुछ बिना वर्दी वालों ने उसके बेटे सिद्धार्थ को जबरन उठाया और गाड़ी में डाल कर ले गये। इसके बाद वह गांव के तमाम भले लोगों के साथ कोंच कोतवाली आया और बेटे के बारे में जानकारी चाही तो बताया गया कि यहां की पुलिस नहीं लाई है। यह सुन कर वह परेशान हो गया, उसकी बहू ने एसपी के यहां भी प्रार्थना पत्र दिया लेकिन उसका बेटा अभी भी बेसुराग है। उसके बेटे को कहां की पुलिस उठा ले गई, किस जुर्म में ले गई और कहां ले गई, यह सब ऐसे अनुत्तरित प्रश्न हैं जिनका जबाब वह पुलिस के आला अधिकारियों से मांग रहा है और उसके सवालों के जबाब उसे मिलने भी चाहिये। आखिर यह किसी की जिंदगी का सवाल है।






Leave a comment