उरई। कुठौंद में एसडीएम ने घटतौली की शिकायत पर एक पैट्रोल पंप पर छापा डाल दिया जिसके बाद हड़कंप मच गया। लखनऊ में चिप लगाकर वाहनों में डाले जाने वाले पैट्रोल की बड़े पैमाने पर चोरी का मामला सुर्खियों में है। बाद में पाया गया कि यह हेराफेरी केवल प्रदेश की राजधानी तक सीमित नही है। कई जिलों में संगठित रूप से पैट्रोल उपभोक्ताओं पर यह डकैती पंप मालिक डाल रहे हैं। जालौन जनपद हर क्षेत्र में बढ़त हासिल करने की ललक के लिए मशहूर है जिसमें चोरी का क्षेत्र भी अछूता नही है। भले ही यहां पैट्रोल पंप मालिक प्रशासन की पकड़ में न आ पाये हों लेकिन मिलावटी पैट्रोल और कम पैट्रोल दिये जाने के मामले में यह जिला किसी से पीछे नही है। इसी के तहत समाधान दिवस के भ्रमण के सिलसिले में कुठौंद थाने में पहुंचे जालौन के एसडीएम सौजन्य कुमार का साबका उन शिकायत कर्ताओं से पड़ गया जो रंधीरपुर निवासी विकास दुबे के भारत पैट्रोलियम के पैट्रोल पंप पर कथित रूप से हो रही घटतौली से उन्हें अवगत करा रहे थे। सौजन्य कुमार ने उनकी शिकायत को गंभीरता से लिया और समाधान दिवस से उठकर सीधे उक्त पैट्रोल पंप पर पहुंच गये जहां उन्होंने गहन छानबीन की। एसडीएम की इस कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति बनी रही।

Leave a comment