कदौरा- उरई । कस्बा कदौरा में संदिग्धहालात में एक महिला जल गई। उसे नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर बेटी को जलाने का आरोप लगाकर हंगामा काटा। अस्पताल में महिला की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया। पिता ने जेठ के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार कदौरा क्षेत्र के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी ज्योति पत्नी छोटेलाल रविवार को संदिग्ध हालात में झुलस गई। घरवालों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया, यहां डाक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देख उसे कानपुर रेफर कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे ज्योति के पिता छुन्नालाल ने जेठ रमेश पुत्र बंटा पर बेटी को जला देने का आरोप लगाया। पिता ने बताया कि काफी समय से दहेज की खातिर बेटी को परेशान किया जा रहा है। बीते दिनों उसके साथ मारपीट भी की गई। बेटी ने फोन पर इसकी जानकारी दी तो वह मौके पर पहुंचे और समझौता भी कराया गया, लेकिन इसके बावजूद बेटी को प्रताडि़त किया जा रहा था। शनिवार देर रात उसके साथ मारपीट की गई, यह बात उसने फोन पर बताई और रविवार को आग लगाकर उसे मारने का प्रयास किया गया। पिता का आरोप है कि दहेज में 50 हजार रुपये, एक बाइक व सोने की जंजीर की अतिरिक्त मांग की जा रही हैं। मांग पूरी न होने के चलते बेटी को जला दिया गया। इंस्पेक्टर मुकेश वर्मा का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

Leave a comment