कदौरा-उरई। थाना क्षेत्र के बागी गांव स्थित फार्म के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने आपे में टक्कर मार दी। जिससे चालक घायल हो गया। गनीमत यह रही कि उस समय आटो में केवल चालक ही था, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, भीड़ ने भाग रहे रोडवेज चालक को पकड़ लिया और सूचना पाकर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घायल को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बागी निवासी रामू आपे चालक है। वह रविवार को आपे लेकर कदौरा आ रहा था, तभी हमीरपुर की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे चालक के सिर में चोटें आ गई। मेन रोड पर हुए हादसे को लेकर वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने रोडवेज चालक को मौके से पकड़ लिया और डायल 100 को घटना की सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर रामू को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है।






Leave a comment