कोंच-उरई । देसी शराब की दुकान नं. 5 पिछले दिनों कोर्ट के आदेश के बाद मार्च माह में बंद कर दिया गया था। उक्त ठेका सार्वजनिक स्थान फायर सर्विस स्टेशन के पास और आसपास स्कूल व धार्मिक स्थल अवस्थित होने की बिनाह पर बंद कराया गया था। पास के मोहल्ले राम तलैया रामबाग व बाल्मीकि मंदिर के पास खोले जाने की सुगबुगाहट के बीच इलाकाई लोग जिनमें महिलायें भी शामिल हैं, सड़कों पर उतर आये और डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंप कर ठेका नहीं खोले जाने की मांग की।
पूर्व जिपं सदस्य चौधरी जगजीवन राम अमीटा, मोहम्मद अशरफ, बाबूलाल वर्मा, शहजाद, मंजू, तारा, राखी, विमला, बबली, पूजा, सीमा, छाया, ममता, राजाबेटी, लल्लू, प्रदीप वर्मा, सुरेन्द्र कुशवाहा, जमाल मोहम्मद, देशराज, प्रताप, राजेश्वरी, गुड्डी, पवन, आशीष, अनिल सहित आधा सैकड़ा लोगों ने एसडीएम को दिये गये ज्ञापन में कहा है कि देसी शराब की दुकान नं. 5 मोहल्ला भगतसिंह नगर कोंच में फायर स्टेशन के समीप स्थित थी जिसे कोर्ट के आदेशों के बाद मार्च महीने में बंद करा दिया गया था। इसी मोहल्ले में थोड़ी दूर पर पांच सौ बर्ष प्राचीन रामबाग और बाल्मीकि मंदिर है जहां रामलीला के दौरान लगने बाले मेले मारीच बध के भी कतिपय प्रसंग मंचित किये जाते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी में बताया गया है कि उक्त शराब की दुकान अब इसी इलाके में खोले जाने की तैयारियां चल रहीं हैं जिससे इलाकाई लोगों को काफी दिक्कतें भी होंगी और इलाके की शांति में खलल पड़ेगा लिहाजा नागरिकों की मांग है कि शराब की दुकान इस इलाके में नहीं खोले जाने को लेकर आवश्यक कार्यवाही करें।







Leave a comment