उरई। एट थाना क्षेत्र में बेकाबू ट्रक ढाबे में घुस गया जिससे बाहर बैठे ढाबा मालिक की कुचल कर मौत हो गई । ट्रक का खलासी भी घायल हुआ है जिसे हालत गंभीर होने की वजह से मेडिकल कालेज झांसी में भर्ती कराया गया है ।

रविवार को देर रात झांसी की ओर से आ रहे ट्रक के ड्राइवर की स्टेयरिंग पिरौना नहर के पास संभवत: झपकी लग जाने की वजह से बहक गई जिससे सड़क छोड़ कर ट्रक दनदनाता हुआ किनारे बने माँ शारदा ढाबे में जा घुसा । इस दौरान बाहर बैठा ढाबा मालिक गोविंद ( 22 वर्ष ) पुत्र कैलाश निवासी सुभाष नगर कोंच चपेट में आ गया जिसे ट्रक ने रौंद डाला नतीजतन उसकी मौके पर ही मौत हो गई ।

हादसा देख ट्रक चालक को होश आया तो वह नीचे कूंद कर तेजी से भाग निकला। होटल के कुछ कर्मचारियों ने उसका पीछा भी करने की कोशिश की लेकिन उसे पकड़ा नहीं जा सका । घटना में तेज झटके में  खलासी भी नीचे गिर पड़ा जिससे उसे गंभीर चोटें आयीं हैं । पुलिस ने ट्रक सीज करके ढाबा मालिक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है ।

Leave a comment