उरई(। दिनदहाड़े सेंट्रल बैंक में डकैती कांड मामले में पुलिस गैर जनपद के बदमाशों का हाथ होने की संभावना जताई जा रही है। इस वारदात में पड़ोसी जनपद के बदमाशों के होने की भी खबर आ रही हैै जिसके लिए पुलिस टीम रवाना हो गई है। बदमाशों की निशानदेही के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रविवार को एएसपी ने कोतवाली पहुंचकर छानबीन की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि घटना का जल्द खुलासा किया जाए।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार की सुबह तकरीबन पौने ग्यारह बजे बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने स्टेशन रोड स्थित सेंटल बैंक की गांधी महाविद्यालय शाखा में डकैती डाल दी थी। बैंक अधिकारियों के मुताबिक बदमाश यहां से पांच लाख चैदह हजार रुपए लूटकर ले गए थे। उन्होंने एक-एक कर बैंक के अंदर तीन सुतली बम फोड़े थे जिससे वहां पर भगदड़ मच गई थी और तीन बैंक कर्मियों समेत चार लोग जख्मी हो गए थे। वारदात के बाद एसपी ने मौके पर पहुंचकर बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे और जानकारी ली थी। मामला बैंक के अंदर डकैती का होने के कारण इसकी गूंज लखनऊ तक सुनाई दी। शाम होते-होते झांसी रेंज के डीआईजी जवाहर ने शहर में डेरा डाल लिया और उन्होंने वारदात स्थल का निरीक्षण किया। शनिवार को कानपुर रेंज के एडीजी अविनाश चंद्र ने भी शहर में डेरा डाल लिया था और घटना स्थल का जायजा लिया था। एडीजी ने तीन दिन के अंदर घटना का खुलासा करने का अल्टीमेटम दिया है। इसके चलते पुलिस महकमे के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। सूत्रों की मानें तो अब तक की छानबीन में पुलिस को यह भी सुराग लगा है कि इस वारदात में पड़ोसी जनपद के बदमाशों का भी है। पुलिस ने इन बदमाशों की तलाश में एक टीम रवाना कर दी है। वहीं इसे लेकर रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी कोतवाली पहुंचे। यहां पर उन्होंने छानबीन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाए।

Leave a comment