कोंच-      उरई।      सर्राफा व्यवसायी को कतिपय दबंग लोगों ने घर में बंद कर मारापीटा और उसके डेढ लाख रुपये तथा लाखों के सोने चांदी के आभूषण छीन लिये। छिनैती के शिकार के साथ सैकड़ों सर्राफा कारोबारियों की भीड़ कोतवाली पहुंच गई और पुलिस पर रिपोर्ट लिखने के लिये दबाव बनाया। सर्राफा कमेटी ने ऐलान किया है कि यदि दी गई तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई तो कल सोमवार से कारोबार बंद कर हड़ताल की जायेगी। पुलिस ने पीडि़त को चिकित्सीय परीक्षण के लिये भेजा है, उसके अंगुली, आंख और शरीर में कई जगह मुंदी चोटें बताई गई हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को अपरान्ह लगभग तीन बजे पंकज सोनी पुत्र जमुनादास निवासी मोहल्ला पटेल नगर कोंच ग्राम अंडा से ग्राहकों के जेबर तथा तगादे का 1 लाख 45 हजार रुपया लेकर अंडा के ही रहने बाले राजकिशोर के साथ बाइक से कोंच आ रहा था। कस्बे में सागर चौकी तिराहे पर स्थित गुरुदेव ऑटो मोबाइल्स एजेंसी के संचालक कृष्णकुमार गुप्ता उर्फ लला व उसके भाई संजीव तथा राजीव पुत्रगण ओमप्रकाश गुप्ता ने उसे आवाज देकर एजेंसी के अंदर बुलाया। पंकज का आरोप है कि तीनों भाई उसे एजेंसी के बगल में स्थित अपने एक अन्य मकान के भीतर ले गये। उसने समझा कि कोई गोपनीय बात करनी होगी इसलिये वह बेझिझक चला गया। अंदर ले जाकर उन तीनों ने उसकी बुरी तरह पिटाई की और साथ लाये थैले जिसमें तगादे की रकम तथा ग्राहकों के लगभग 25 ग्राम सोने के जेबर व 400 ग्राम चांदी के आभूषण थे, छीन लिये। पंकज ने सारा मामला सर्राफा कमेटी के सामने जब रखा तो सैकड़ों की संख्या में स्वर्ण आभूषण कारोबारी भी कोतवाली पहुंच गये और रिपोर्ट दर्ज करने के लिये दबाव बनाया। सर्राफा कमेटी ने घोषणा की है कि यदि पुलिस कमतर धाराओं में मुकदमा दर्ज करती है तो वे आंदोलन करेंगे और कल से बाजार बंद करेंगे। कोतवाल सत्यदेव सिंह ने आपसी प्लॉट का विवाद बताया है और छिनैती की घटना से इंकार किया है। पुलिस ने पंकज को डॉक्टरी के लिये भेजा है। इधर, आरोपी कृष्णकुमार ने भी इस पूरी घटना से इंकार करते हुये कहा है कि उन्होंने पंकज से बर्ष 2009 में एक जमीन खरीदी थी जिसका रकवा एक एकड़ था लेकिन मौके पर उसमें 24 डेसीमल जमीन कम निकली। उसी जमीन के पैसे का उन्होंने तगादा किया है, छिनैती या अन्य किसी तरह की घटना रची गई कहानी है।

Leave a comment