उरई। मध्यप्रदेश से जुड़ी जिले की सीमा पर पुलिस की आकस्मिक चैकिंग के दौरान बिना नंबर की मोटर साइकिल से जा रहे शराब के दो तस्कर पकड़ लिए गये। शराब और मोटर साइकिल जब्त कर ली गई है। माधौगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंगरा पुलिस चैकी के प्रभारी अरुण कुमार तिवारी और हमराह सिपाहियों ने मिझौना मोड़ पर आकस्मिक चैकिंग के लिए आज जब मोर्चा जमाया उसी समय मिहौना मध्य प्रदेश की ओर से बिना नंबर की मोटर साइकिल पर आ रहे दो युवक उनके हत्थे चढ़ गये। युवकों ने पहले मोटर साइकिल वापस मोड़ने की कोशिश की लेकिन मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने इस कोशिश को कामयाब नही होने दिया। मोटर साइकिल पर सात पेटी दारू लदी हुई थी। पूंछतांछ में युवकों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश से इन पेटियों में साढ़े तीन सौ क्वार्टर देशी शराब लेकर आ रहे हैं जिसकी खपत वे लंबे समय से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये युवकों के नाम हरीओम पुत्र रामप्रकाश शर्मा और दौलत कुशवाहा पुत्र रामशरण कुशवाहा निवासीगण सिकरी राजा जालौन बताये गये हैं।







Leave a comment