उरई। महेबा ब्लाॅक के दमरास स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को मिडडे मील की खिचड़ी बच्चों को परोसी गई जिसमें कीड़े दिखने पर बच्चों ने खाने से इंकार कर दिया और सारे बच्चों ने खिचड़ी स्कूल परिसर में ही एक तरफ फेंक दी। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में बच्चों के खाने तक में की जा रही इस लापरवाही से स्कूलों की साख को धक्का लगा है और अभिभावकों में चिंता गहरा गई है। बच्चों को खराब खाने की वजह से किसी भी दिन गंभीर बीमारी का शिकार न होना पड़ जाये यह आशंका गहरा रही है। पता चला है कि इस स्कूल की शिक्षिका सुशीला देवी ने 17 जुलाई तक तो मिडडे मील बनवाने की ही सुध नही ली थी। जबकि धमकाकर बच्चों और उनके अभिभावकों से कनवर्जन काॅस्ट की चैक हासिल करने के लिए मिडडे मील मिलने के स्वयं द्वारा तैयार प्रमाणन पर हस्ताक्षर करा लिए थे। इससे असंतोष बढ़ने पर उन्होंने मिडडे मील तो बनवाना शुरू कर दिया लेकिन आज खिचड़ी में पिछले साल के बचे कीड़े लगे चावलों का प्रयोग कर डाला। जब यह तेहरी बच्चों के सामने खाने के लिए रखी गई तो उसमें कीड़े उतराते देख बच्चे भड़क गये और उन्होनें तेहरी फेंक डाली। इसे लेकर बच्चों में और शिक्षिका में हुई कहासुनी को किसी ने मोबाइल पर वीडियो में कैद कर लिया जिसे यहां सुना जा सकता है।

Leave a comment