माधौगढ़-उरई। शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के लिए पुलिस और जनता को मिलकर कार्य करना होगा। यह बात नवागंतुक पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार शर्मा ने क्षेत्र के सभ्रांत नागरिकों के साथ थाना परिसर में आयोजित बैठक में कही। इसके पहले बैठक का संचालन करते हुए प्रभारी निरीक्षक रुद्र कुमार सिंह ने कहा कि समाज में 95 प्रतिशत लोग कानून में विश्वास रखते हैं। केवल 5 प्रतिशत आपराधिक प्रवृत्ति के लोग व्यवस्था को बिगाड़ने के काम में जुटे रहते हैं। उन पर नियंत्रण मुश्किल नही है। बशर्ते कानून का पालन करने वाले लोग पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि माधौगढ़ क्षेत्र के लोग इस मामले में सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि आगे भी वे इसका निर्वाह करते रहेगें। सीओ अजय कुमार शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश की सीमा से अवैध खनन से भरे वाहनों की आमद पर प्रभावी रोक लगाई जा रही है। जुआ, शराब व अन्य संगठित अपराधों को रोकने के लिए पुलिस मुस्तैदी से काम करेगी। शांति प्रिय नागरिकों के सम्मान की रक्षा भी पुलिस पूरी जिम्मेदारी के साथ करती रहेगी। उन्होंने पुलिस को अपराध की सूचना देने में लोगों से सहयोग मांगा और विश्वास दिलाया कि इसमें सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय बनाये रखा जायेगा।

Leave a comment