कोंच-उरई। नदीगांव के वार्ड नंबर छह में कीचड़ का साम्राज्य चारों तरफ पसरा है जिसके चलते लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। वार्ड के बाशिंदों ने इस समस्या को लेकर एसडीएम कोंच को प्रार्थना पत्र देकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। नदीगांव के नागरिक आजकल बारिश के मौसम में खासे परेशान हैं, परेशान नागरिकों ने बताया है कि नदीगांव नगर पंचायत के वार्ड संख्या छह ब्लॉक मुहाल में कीचड़ और जलभराव होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं छात्र-छात्राएं भी बमुश्किल स्कूल तक पहुंच पा रहे हैं, यह भी हालात बने हैं कि कभी कभी उन्हें स्कूल से गोला मारना पड़ता है। नगर पंचयात के गुलाम सिंह, दयाराम, मुलायम सिंह, हमीर सिंह, अजय पाल, कल्यान, प्रह्लाद कुमार, जरदान, रूपसिंह, सर्वेश, जगपाल सिंह, काजल, सुनीता आदि ने उपजिलाअधिकारी से मांग की है कि वार्ड संख्या 6 ब्लॉक मुहाल में गुलाब सिंह खेमरिया के घर के पास तथा आस पास कीचड़ होने से महिलाओं, पुरुषों व छात्र-छात्राओं को निकलने में बहुत परेशानी होती है। आये दिन कोई न कोई उस रास्ते में गिरता है और कीचड़ में सन कर घर जाता है। उन्होंने कीचड़ की सफाई के साथ वह रास्ता पक्का बनबाने की मांग की है।






Leave a comment