*

कोंच-उरई । बीते दो दिनों से यहां पूरे इलाके में अफवाह जोरों पर है कि सप्ताह भर पहले सर्पदंश से मरे एक युवक को कतिपय तांत्रिकों और गुनियाओं ने पुन: जीवित करने का दावा किया है। हालांकि मंगलवार को गांव में पहुंचे मीडिया के लोगों ने इस अफवाह को लेकर पड़ताल की तो पीडि़त परिवार ने भी इसे कोरी अफवाह बताया, अलबत्ता वह परिवार उसी दिन से दहशत में है जिस दिन युवक को सांप ने डसा था। उस परिवार की महिलाओं को सपने में सांप दिखते हैं और थोड़ी ही देर में सांप हकीकत बन कर सामने आ जाते हैं। बताया गया है कि अब तक चार सांप पकड़े जा चुके हैं और पांचवां घर के बाहर चक्कर काट रहा है।

 

गुजरी 18 जुलाई की रात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डाढी निवासी होमगार्ड शालिगराम का अट्ठारह बर्षीय बेटा हरदौल छत पर सो रहा था तभी आधी रात के आसपास सांप ने उसे डस लिया था। डसने के बाद सांप वहीं बैठा रहा जिसे बाद में एक सपेरे ने पकड़ लिया था। इधर उधर काफी इलाज कराने के बाद भी हरदौल की जान नहीं बच सकी थी और घरबालों ने उसे गांव के बाहर गड्ढा खोद कर दफना दिया था। पिछले दो दिन से यह अफवाह जोरों पर है कि हरदौल के घरबालों को किन्हीं ओझाओं या गुनियाओं ने भरोसा दिया है कि वह उक्त मृतक को मंत्रों द्वारा फिर से जीवित कर सकते है। इस अफवाह के बाद डाढी गांव में तमाशबीनों की आमदरफ्त बढ गई है। इस अफवाह में कितनी दम है इसे जांचने मंगलवार को मीडियाकर्मियों की कई टीमें गांव पहुंचीं और मृतक के परिजनों से बातचीत की जिसमें उन्होंने इस अफवाह को निराधार बताया लेकिन पूरा परिवार किस कदर दहशत में है, इस बाबत जरूर बताया।

मृतक की मां कुसमादेवी सहित घर की महिलायें बेसुध पड़ी हैं और घरबाले लोगों को समझाने में लगे हैं कि किसी ने झूठी अफवाह उड़ा दी है जिसके चलते लोगों का उसके यहां तांता लगा है। मृतक के भतीजे रामराजा ने बताया कि जिस दिन से यह घटना हुई है उसी दिन से घर की औरतों खासतौर पर हरदौल की मां को सपने में सांप दिखाई पड़ता है जिससे उसकी नींद खुल जाती है। यह देख कर आश्चर्य होता है कि इसके ठीक बाद सांप वहां हकीकत में आ जाता है। अब तक चार सांप पकड़े जा चुके हैं और पांचवां घर के बाहर टहल रहा है। हालांकि गांव में इस तरह की चर्चा भी है कि ओझा बाली बात सही है और किसी रात इस पर अमल होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।

Leave a comment