जालौन-उरई। तहसील सभागार में विधानसभा चुनाव की मतदाता सूचियों में नये मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए चलाये जा रहे अभियान की समीक्षा हेतु उप जिलाधिकारी ने बूथ लेविल अफसरों के साथ बैठक की। 1 जुलाई से 31 जुलाई तक केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 18 से 21 वर्ष की उम्र के नये मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एसडीएम सौजन्य कुमार ने इसके लिए बुलाई गई बैठक में उपस्थित बीएलओगण से कहा कि वे घर-घर जाकर युवा मतदाताओं के फार्म वोटर लिस्ट में उनके नाम दर्ज कराने के लिए भरवायें। मतदान की उम्र का कोई युवा इस अभियान में चूकना नही चाहिए। जालौन तहसील के अंतर्गत 220 कालपी विधानसभा क्षेत्र और 221 उरई विधानसभा क्षेत्र के हिस्से शामिल हैं। इसलिए दोनों ही विधानसभा क्षेत्र के कानूनगो और लेखपाल जो बीएलओ की डयूटी कर रहे हैं बैठक में मौजूद थे साथ ही तहसीलदार भूपाल सिंह भी थे।

Leave a comment