उरई। समाजवादी पार्टी ने अपनी दिवंगत सांसद फूलन देवी के भुखमरी की कगार पर जा पहुंचे परिजनों की सुध सत्ता जाने के बाद आखिर ली। बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सहायता के बतौर भेजी गई एक लाख रुपये की नगद धनराशि देने स्थानीय नेता उनके गांव पहुंचे। गौरतलब है कि फूलनदेवी का पैतृक गांव जालौन जनपद के कालपी थाना क्षेत्र अंतर्गत शेखपुर गुढ़ा है जहां उनकी मां मुला देवी और बहन रहती हैं। सपा सरकार के समय से ही फूलन देवी की मां घर में खाने-पीने की कोई व्यवस्था न होने के कारण प्रशासन से मदद की गुहार लगा रही थी जिसके लिए जिला मुख्यालय आकर डीएम से भेंट की और आत्मदाह तक की धमकी दे डाली थी लेकिन फिर भी न प्रशासन पसीजा और न सरकार। पर सरकार में न रहने के बाद जब सपा के वर्तमान मुखिया अखिलेश यादव को इस बारे में अवगत कराया गया तो उन्होंने फौरन अपने स्तर से मदद के लिए कदम उठाये। इसके तहत शेखपुर गुढ़ा पहुंचकर पूर्व विधायक डाॅ. अरुण मेहरोत्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बजरिया, जयदेव सिंह यादव, शिव बालक सिंह, युवजन सभा के प्रदेश सचिव अजीत सिंह, अरविंद यादव, रामजी रामसखा, पूर्व प्रधान रामबाबू निषाद, जेंटर निषाद, जितेंद्र यादव, गुलाब सिंह यादव, अफजाल गुडडू, राजकुमार बाल्मीकि, अजमद खान, मनोज निषाद, मो. दानिश, मोहन निषाद, सुखलाल निषाद आदि सपा कार्यकर्ताओं ने फूलन देवी के घर पहुंचकर गांव वालों की मौजूदगी में 50 हजार रुपये पूर्व सांसद की बहन रामकली को दिये जबकि उनकी मां मुला देवी बाहर थीं इसलिए बताया कि उन्हें 50 हजार रुपये उनके गांव लौट आने के बाद सुपुर्द किये जायेगें। गौरतलब है कि 26 जुलाई को ही दिल्ली में फूलन देवी की हत्या गोली मारकर उनके सांसद आवास पर कर दी गई थी। जिसकी वजह से अखिलेश यादव ने उनके शहादत दिवस पर मदद उनके परिजनों को भेजी।

Leave a comment