उरई। कालपी में जुए के एक बड़े अडडे पर बीती रात पुलिस द्वारा अचानक मारे गये छापे से हड़कंप मच गया। दो दर्जन से अधिक जुआरी इस दौरान रंगे हाथों पकड़े गये। लेकिन रुपये की बरामदगी केवल 24 हजार की हो सकी। इसके अलावा एक बुलेरो जीप और 10 मोबाइल भी पुलिस ने जब्त किये हैं। कालपी के मोहल्ला रावगंज में सपा से जु़ड़े रहे एक बालू माफिया के घर पेशेवर तरीके से लंबे समय से जुआ खिलवाया जा रहा था जिसमें दूर-दूर से खिलाड़ी आते थे। जानकारी होते हुए भी पुलिस ने इस अडडे पर सैटिंग-गैटिंग फार्मूला चलने के नाते कभी दबिश मारी नही की। लेकिन मंगलवार की रात पुलिस कार्रवाई के लिए मजबूर हो गई क्योंकि इसके लिए ऊपर से फरमान आ गया था। फिर भी पुलिस हमदर्दी की वजह से पकड़े गये जुआरियों को थाना स्तर से ही जमानत देने जा रही थी लेकिन तब तक खबरची ने कानपुर में एडीजी जोन अविनाश चंद्रा को अवगत करा दिया। जिससे उन्होंने फोन पर कालपी के कोतवाल को अच्छी तरह से हड़काया। नतीजतन आज सभी पकड़े गये जुआरी अदालत में पेश किये गये। हालांकि उनकी अदालत से तत्काल ही जमानत हो गई। पकड़े गये जुआरियों में महेंद्र कुमार करमचंदपुर, दरशन सिंह बरही, राकेश गुप्ता मोहल्ला टरननगंज, देवेंद्र यादव मोहल्ला हरीगंज, पवन कुमार, पर्वत सिंह, छोटू, मनोज कुमार, बाबूराम टरननगंज, अमित कुमार सदर बाजार, विजय, हरीमोहन, राकेश, बृजकिशोर तिरही शामिल हैं। गौरतलब है कि जिले में इस समय अवैध जुए का कारोबार जोरों पर है। जिसमें पुलिस की भी पूरी मिली भगत है। अमिताभ यश के समय पुलिस ने इसे पूरी बेबाकी से रोकने के प्रयास के तहत जुआ खिलवाने वालों पर गैंगस्टर लगाये थे जिससे लंबे समय तक जुआ के अडडे वीरान बने रहे थे। लेकिन अब पुलिस साॅफ्ट कार्नर की वजह से जुआ एक्ट की मामूली कार्रवाई करती है। जिसमें जुआरियों को तत्काल जमानत मिल जाती है। इसलिए उनमें पुलिस की कार्रवाई का कोई भय नही रह गया है।

Leave a comment