
कोंच- उरई । बीती देर शाम अंधेरे में बिना जगत के कुंये जा गिरे एक युवक को पुलिस तत्परता के चलते बचा लिया गया। बताया गया है कि पगडंडी से आ रहे युवक को अंधेरे में बिना जगत का कुंआ दिखाई नहीं दिया और वह उसी में चला गया। इलाकाई लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और समय से पहुंच कर पुलिस ने उसे बचा लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक कस्बे के मोहल्ला जवाहर नगर में स्व. फटू कुशवाहा के घर के पास एक पुराना कुंआ है जिसके किनारे जगत नहीं है और वह रास्ते के बिल्कुल करीब पड़ता है। बीती देर शाम लगभग नौ बजे उसी इलाके का रहने बाला अरुन कुशवाहा (18) पुत्र हरीराम मालगोदाम की ओर से बगीचे के रास्ते घर आ रहा था। अंधेरे के कारण उसे उक्त कुंआ दिखाई नहीं दिया और उसी में गिर गया। झम्म की आवाज सुन कर वहां हलचल मच गई और किसी ने तुरंत पुलिस को फोन घुमा दिया। सूचना पर बिना देरी किये सागर चौकी इंचार्ज घनश्याम सिंह तथा खेड़ा चौकी इंचार्ज उमेशसिंह भारी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गये, दोनों कोबरा भी वहां पहुंच गये थे और फायर सर्विस के प्रभारी जगतसिंह, नबाबसिंह, त्रिलोकसिंह, कबीरखां, रामबाबू त्रिपाठी, दर्शन, हरीशंकर आदि भी पहुंच गये थे। कड़ी मशक्कत के बाद मोहल्ले के ही प्रेमनारायण, जीतू कुशवाहा की मदद से उक्त युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक कुंये में पानी कम होने की बजह से युवक की जान बच गई वरना बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।







Leave a comment