कोंच-उरई। अब तो रिश्तों पर से भरोसा उठने लगा है, एक रिश्ते के भतीजे ने महिला को लगभग साढे चार लाख की चपत लगा दी है। पीडि़ता आज मामले की शिकायत करने कोतवाली भी आई थी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुदरा निवासी महिला उर्मिला पत्नी गोविंद सिंह जो फिलहाल किराये के घर में कोंच रहती है, ने मौजा कुदरा स्थित अपनी जमीन में से एक एकड़ जमीन बेची थी और 15 जुलाई को सब रजिस्ट्रार के यहां बैनामा भी हो गया। इस सारी प्रक्रिया के दौरान उर्मिला का रिश्ते में भतीजा राहुल पटेल पुत्र राजकुमार पटेल निवासी ग्राम दिरावटी उसके साथ रहा। आराजी के क्रेता कुंजविहारी पटेल ने उसे 2 लाख 70 हजार की चेक तथा 2 लाख 40 हजार रुपया नकद दिया था। उर्मिला ने आज पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया है राहुल के साथ जाकर उसने एक्सिस बैंक में 10 हजार रुपये से अपना खाता खोला तथा एटीएम भी बनवाया था जो राहुल के ही पास था। चेक उसने खाते में जमा करा दी थी। कुंजविहारी ने 17 जुलाई को 65 हजार रुपये भी राहुल को दिये थे। महिला का आरोप है कि जब वह 25 जुलाई को बैंक गई तो उसे जानकारी मिली कि उसके खाते से 1 लाख 37 हजार रुपया निकाल लिया गया है। इसके अलावा उसके पास जो 2 लाख 40 हजार की नकदी थी वह भी चुरा लिये गये। बहरहाल, महिला ने इन पैसों की हेराफेरी के लिये सीधा राहुल पर ही आरोप मढते हुये कहा है कि उसे 4 लाख 32 हजार की चपत लगाई है। पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है।






Leave a comment