उरई। गंभीर व असाध्य बीमारियों से जूझ रहे गरीबों के लिए एक अच्छी खबर है। अब उन्हें जिला स्तर पर ही डेढ लाख रुपए तक की सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। इसके लिए राज्य सरकार ने आदेश जारी कर दिए हैं। इस योजना का लाभ लेने के लिए बीपीएल कार्ड धारको को एक फार्म भरना होगा। जिसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी इसे अप्रूव करेगी।
गुरूवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए जिला मुख्य चिकित्साधिकारी अल्पना बरतारिया ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा राज्य आरोग्य निधि शुरू की गई है। इसके तहत गंभीर व असाध्य रोगो ंसे जूझ रहे गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले बीपीएल कार्ड धारकों को जिला स्तर पर ही डेढ लाख रुपए तक की सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। गंभीर बीमारियों में हृदय रोग व हृदय शल्य चिकित्सा, कैंसर, गुर्दा व मूत्र रोग, अस्थित रोग, थैलेसीमिया आदि को शामिल किया गया है। सीएमओ अल्पना बरतारिया ने बताया कि इन रोगों से ग्रस्त बीपीएल कार्ड धारकों को सीएमओ कार्यालय से एक फार्म दिया जाएगा। जिसे भरकर यहीं पर जमा करना होगा। इसमें संबंधित व्यक्ति की फोटो के साथ बीमारी का नाम भी लिखा जाएगा। इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी इस फार्म की जांच कर उसे अप्रूव करेगी। इस कमेटी में सीएमओ, सीएमएस महिला अस्पताल, सीएमएस पुरूष अस्पताल को भी शामिल किया गया है। इसके बाद पात्र व्यक्ति को एक कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। जिसके बाद वह अस्पताल में डेढ लाख रुपए तक का इलाज मुफत करा सकेंगे। इसका भुगतान सरकार सीधे अस्पताल को करेगी। इसके अधिक के इलाज के लिए शासन स्तर से मदद लेनी पडेगी। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 35 हजार रुपए तक के इलाज की जिला स्तर पर व्यवस्था थी। जिसे बढाकर डेढ लाख रुपए किया गया है। उन्होने कहा कि पात्र व्यक्ति कार्यालय से फार्म लेकर इसका लाभ ले सकता है।






Leave a comment