कोंच-उरई । कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जिसमें डेढ दर्जन लोगों को पुलिस के चंगुल से तब निजात मिली जब वे बाजार से हेलमेट खरीद कर ले आये। इसी के साथ दर्जन भर वाहनों के चालान कागज नहीं होने को लेकर काटे गये।

यूपी के सीएम योगी द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को नियंत्रित करने के लिये पुलिस विभाग को खास निर्देश दिये गये हैं। उन्हीं आदेशों निर्देशों की रोशनी में जिले के पुलिस कप्तान अमरेन्द्रप्रसाद सिंह द्वारा भी सभी थानों को वाहन चेकिंग के निर्देश दिये हैं। कोतवाली पुलिस ने इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को सागर चौकी के सामने सघन चेकिंग लगाई। चौकी इंचार्ज घनश्याम सिंह व थानेदार राजीव कुमार त्रिपाठी के साथ सिपाही राजकुमार, सच्चिदानंद, प्रदीप, अवनीश आदि ने ऐसे डेढ दर्जन लोग पकड़े जिनके पास कागज तो थे लेकिन हेलमेट नहीं लगाये थे। इन सभी की गाडिय़ां चौकी में खड़ी करा कर उन्हें हेलमेट खरीद कर लाने को कहा गया। जब वे हेलमेट लेकर आये तभी उन्हें छोड़ा गया। इसके अलावा दर्जन भर वाहनों के चालान भी कागज नहीं होने की बिनाह पर काटे गये और समन शुल्क बसूला गया। उधर, नदीगांव में एसओ रवीन्द्रकुमार त्रिपाठी की अगुवाई वाहन चेकिंग अभियान चला जिसमें बिना हेलमेट बाले एक दर्जन वाहन चालक पकड़े गये जिनसे बारह सौ रुपये समन शुल्क बसूला गया और उन्हें हेलमेट खरीदने की हिदायत भी दी गई।

 

इंसेट में-

स्कूल वाहन चेक कर एक लाख जुर्माना बसूला

कोंच। पिछले दिनों जिले के कुठौंद इलाके में एक स्कूल बस के खाई में गिरने की घटना को प्रशासन ने काफी गंभीरता से लेकर इन्हें नियंत्रित करने और मानकों के अनुरूप इनका संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश परिवहन विभाग के अधिकारियों को दिये हैं। शुक्रवार को एआरटीओ धनवीर सिंह और यात्री कर अधिकारी सर्वेशसिंह ने कोंच में कमोवेश सात स्कूली वाहन चेक किये जिसमें मानकों के विपरीत तमाम कमियां पाईं, जिनमें एक लाख रुपये का जुर्माना बसूला गया।

Leave a comment